पुरी (ओडिशा)। पुरी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। समुद्र तट के पास 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की वारदात हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैए जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना शनिवार दोपहर ब्रह्मगिरि थाना क्षेत्र के बलिहारचंडी मंदिर के पास हुई। पीड़िता अपने पुरुष मित्र के साथ वहां समय बिता रही थी। इस दौरान स्थानीय युवकों ने उनकी तस्वीरें और वीडियो बना लिए और फिर पैसे की मांग की। इनकार करने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथी के हाथ बांध दिए और दो युवकों ने छात्रा के साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने सदमे से उबरने के बाद सोमवार शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि 15 जून को भी ओडिशा के गंजाम जिले के गोपालपुर समुद्र तट पर इसी तरह की घटना हुई थीए जिसमें दस आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
