आगरा। शमसाबाद रोड स्थित प्रेम नगर मोहल्ला सोमवार रात दो तेज धमाकों से दहल उठा। हादसे में सास-बहू घायल हो गईं, जबकि घर का लोहे का मेन गेट उखड़कर गली में जा गिरा। धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के घरों की खिड़कियां. दरवाजे हिल गए और पास खड़ी कार तक कांप उठी। धमाका 67 वर्षीय भानु प्रताप सिंह के घर में हुआ। घटना के वक्त उनकी पत्नी जानकी देवी बेसमेंट में और बहू साधना पहली मंजिल पर थीं। धमाके के बाद घर में आग लग गईए जिसे स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझाया। साधना पहली मंजिल से कूदकर पड़ोसी की छत पर गिरीं और घायल हो गईं, जबकि जानकी देवी बेसमेंट में घायल अवस्था में मिलीं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में बेसमेंट से गैस सिलेंडर और चूल्हा बरामद हुआ। चूल्हे की एक नॉब खुली मिली और बेसमेंट में वेंटिलेशन की खिड़की भी नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के चलते बेसमेंट में गैस भर गई और जैसे ही लाइटर जलाया गया, धमाका हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट का इंतजार है।
