एमजी रोड पर शुरू पिंक बसें, सुरक्षित सफर
आगरा मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज (एएमसीटीएस) लिमिटेड ने महिला यात्रियों की सुविधा के लिए शुक्रवार से एमजी रोड पर पिंक ई-बस सेवा शुरू की। यह कदम ई-रिक्शा और ऑटो संचालन पर रोक के बाद महिलाओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए लिया गया है। शुरू में पांच बसें चलेंगी, जो सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक हर आधे घंटे में अवंतीबाई चौराहे (प्रतापपुरा) तक सेवा देंगी। बसों में केवल महिलाएं ही यात्रा कर सकेंगी। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। एएमसीटीएस के प्रबंध निदेशक एवं नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पहले ई-बसों की संख्या 36 से बढ़ाकर 65 की गई थी। अब महिलाओं के लिए अलग पिंक बसें शुरू की जा रही हैं ताकि भीड़ के कारण महिलाओं को हो रही समस्याओं को कम किया जा सके। वर्तमान में ई-बस सेवा शहर के विभिन्न मार्गों पर संचालित हो रही है, जिसमें भगवान टॉकीज, हरीपर्वत, सेंट जोंस, सुभाष पार्क, साईं की तकिया, अवंतीबाई चौराहे, रोहता, आईएसबीटी, आगरा कैंट, सदर, इटौरा, ककुआ और सैंया शामिल हैं।
