उधमपुर (जम्मू-कश्मीर): उधमपुर जिले के डूडू-बसंतगढ़ इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसने रविवार तड़के दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम उधमपुर और डोडा की सीमा पर ऊंचाई वाले वन क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान आतंकवादियों की गोलीबारी में जवान घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद इलाके को घेरकर शनिवार सुबह से दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। ड्रोन और खोजी कुत्तों के साथ अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। अनुमान है कि इलाके में 2-3 आतंकी छिपे हो सकते हैं। अब तक आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिला है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
इससे पहले, कठुआ जिले में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था, जहाँ मार्च में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया गया था।
