बरनाला (पंजाब): पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी से एक दुखद घटना सामने आई है। 14 महीने की मासूम कीरत कौर खेलते-खेलते बाथरूम में चली गई और पानी से भरे टब में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के लगभग 15 मिनट बाद बड़ी बहन ने यह देखा और परिजनों को सूचित किया। बच्ची की मां जसप्रीत कौर उस समय आंगन में कपड़े धो रही थीं और अन्य घर वाले भी व्यस्त थे। कीरत को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक कीरत कौर का हाल ही में जन्मदिन मनाया गया था। उनके पिता भूपिंदर सिंह एक कपड़े की दुकान में काम करते हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुँचाया है।
मृतक कीरत के दादा सुखचैन सिंह और नगर परिषद तपा के पूर्व अध्यक्ष तरलोचन बंसल ने घटना पर दुख व्यक्त किया और लोगों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी।
