आगराI आवास विकास परिषद अपनी विभिन्न योजनाओं में व्यावसायिक प्लॉट्स, दुकानें और फ्लैट्स की ई-नीलामी करने जा रही है। इसके लिए आवेदन 30 सितंबर तक लिए जाएंगे, जबकि पंजीकरण और टोकन राशि जमा करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर तय की गई है। जोनल आयुक्त अमित कुमार गुप्ता और अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यावसायिक भूखंड और दुकानें ई-नीलामी के जरिए, जबकि फ्लैट्स पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कमला नगर योजना में 3 और सिकंदरा योजना में 6 व्यावसायिक दुकानें उपलब्ध हैं, जिनका क्षेत्रफल 8 से 12 वर्ग मीटर है। वहीं, सिकंदरा योजना में कुल 42 व्यावसायिक भूखंड बिक्री के लिए रखे गए हैं। इनमें 18 पूर्व-नियोजित (100 से 1200 वर्ग मीटर) और 24 नए भूखंड (250 से 1200 वर्ग मीटर) शामिल हैं।
ग्रीन एनक्लेव परियोजना के अंतर्गत 78 फ्लैट्स (2BHK) भी बिक्री के लिए होंगे। ये फ्लैट्स भूकंपरोधी निर्माण, विट्रिफाइड टाइल्स, ग्रेनाइट स्टोन और पावर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। सभी फ्लैट्स RERA पंजीकृत हैं। खरीदारों को विशेष छूट योजना के तहत 60 दिन में भुगतान करने पर 5% की रियायत भी मिलेगी।
