उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा इलाके से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर चुहड़पुर अंडरपास के पास रविवार देर रात पानी के टैंकर और बाइक की टक्कर में तीन छात्रों की मौत हो गई। तीनों छात्र गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में पढ़ाई कर रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा बीटा-2 थाना क्षेत्र में हुआ। तीनों छात्र बाइक से खाना लाने के लिए पूर्वांचल सोसाइटी के पास स्थित एक ढाबे जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पेड़ों को पानी दे रहे टैंकर से टकरा गई।
इलाज के दौरान मौत
टक्कर में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे छात्र को गंभीर हालत में बड़े अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां भी उसकी जान नहीं बच सकी।
मृत छात्रों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- स्वयं सागर (19 वर्ष) – निवासी पंचवटी कॉलोनी, गाजियाबाद
- कुश (21 वर्ष) – निवासी गांव खुदुरा, गाजीपुर
- समर्थ पुंडीर (18 वर्ष) – निवासी सैटेलाइट कॉलोनी, बरेली
