BCCI ने असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग को विशेष श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है। जुबीन गर्ग का हाल ही में सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान निधन हो गया था। उनके सम्मान में 30 सितंबर को गुवाहाटी में आयोजित ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 के उद्घाटन समारोह में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जुबीन गर्ग के लिए उद्घाटन समारोह में 40 मिनट का स्पेशल कार्यक्रम होगा। इस दौरान बॉलीवुड की मशहूर गायिका श्रेया घोषाल अपने लोकप्रिय गीत और टूर्नामेंट के ऑफिशियल सॉन्ग “Bring It Home” की प्रस्तुति देंगी।
ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 का उद्घाटन मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम को अपने घर में खिताब जीतने का बड़ा मौका है।
सैकिया ने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस बार ICC वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीन मैचों की सीरीज में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला क्रिकेट अब नए मुकाम पर है और टीम इंडिया इस बार वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
