आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज (SNMC) में रविवार शाम लगभग सात बजे एक विवादित घटना हुई। बताया जा रहा है कि सर्जरी विभाग के जूनियर डॉक्टर डॉ. विनेश कुमार बाइक से गुजर रहे थे, तभी चौकी इंचार्ज SI अंकुर राठी ने कागजात मांगे। डॉ. विनेश के पास हेलमेट नहीं था, जिससे दोनों के बीच बहस हुई और आरोप है कि SI ने डॉक्टर को तमाचा जड़ दिया।
घटना की सूचना जूडा अध्यक्ष को मिलते ही जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं बंद कर दीं। नए मरीजों को भर्ती नहीं किया गया, जबकि गंभीर मरीजों को पुलिस की मदद से निजी और सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। एसएनएमसी के प्रिंसिपल और सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंचे और आरोपी SI के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने जांच कर आरोपी SI को लाइन हाजिर किया। इसके बाद जूनियर डॉक्टर काम पर लौट आए और इमरजेंसी सेवाएं फिर शुरू हुईं।
