पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के स्टार विंगर उस्मान डेम्बेले ने 2025 का बैलोन डी’ओर जीतकर इतिहास रच दिया है। यह उनके करियर का पहला बैलोन डी’ओर अवॉर्ड है। पेरिस में आयोजित समारोह में उन्होंने बार्सिलोना के लामिन यमाल और क्लब साथी विटिन्हा को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित खिताब जीता।
डेम्बेले ने पिछले सीजन PSG के लिए 53 मैचों में 35 गोल और 14 असिस्ट किए। लंबे समय तक चोटों और अनियमित प्रदर्शन से जूझने के बाद इस सीजन उन्होंने लगातार प्रदर्शन और शानदार क्लास दिखाई। इससे पहले उन्हें चैंपियंस लीग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी मिल चुका है। महिला कैटेगिरी में, बार्सिलोना की मिडफील्डर एताना बोन्मटी ने लगातार तीसरी बार बैलोन डी’ओर जीतकर महिला फुटबॉल में अपनी बादशाहत कायम रखी। 26 साल की स्पेनिश स्टार ने शानदार खेल और निरंतरता दिखाई, भले ही बार्सिलोना का यूरोपीय अभियान उम्मीद के मुताबिक न रहा हो।
69वें बैलन डी’ओर समारोह में अन्य पुरस्कार भी वितरित किए गए। PSG के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा को याशिन ट्रॉफी (बेस्ट गोलकीपर) से नवाजा गया। बार्सिलोना की विकी लोपेज़ को विमेंस कोपा ट्रॉफी मिली। इंग्लैंड की मैनेजर सरिना वीगमैन और चेल्सी की गोलकीपर हन्ना हैम्पटन भी महिला कैटेगिरी में पुरस्कार पाने वालों में रहीं। इसके अलावा PSG को क्लब ऑफ द सीजन घोषित किया गया।
