पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में सोमवार रात से लगातार मूसलाधार बारिश से मंगलवार को आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पानी घुटनों तक भर गया, जिससे यातायात ठप हो गया।अधिकारियों के अनुसार, बारिश और करंट के कारण चार लोगों की मौत हुई। इनमें फिरोज अली खान (50), प्रणतोष कुंडु (62), मुमताज बीबी (70) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा दक्षिण कोलकाता के गरिया कमदहारी में 332 मिमी बारिश हुई। कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भर गया। रेलवे और मेट्रो सेवाएं बाधित हुईं, स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गईं और दफ्तर जाने वाले यातायात परेशानी झेल रहे हैं। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने बताया कि महानगरपालिका के कर्मचारी लगातार पानी निकालने का काम कर रहे हैं और शहर में दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है।
