आगराI आवास एवं विकास परिषद ने मंगलवार को सेक्टर-2 सी में 120 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाया। करीब 11,000 वर्ग मीटर भूमि पर बनी 90 झुग्गी-झोपड़ियां बुलडोजर से ध्वस्त की गईं। अधिशासी अभियंता अतुल कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी विरोध और हंगामा हुआ, लेकिन पुलिस फोर्स ने स्थिति नियंत्रण में रखी। प्रवर्तन अधिकारी जीएम खान ने बताया कि विरोध करने वालों को समझाने के बाद उन्होंने स्वयं अपना सामान समेटा।
भूमि ध्वस्त और खाली करने के बाद समतल की गई। अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के अनुसार, 30 सितंबर को इस भूमि की नीलामी प्रस्तावित है। वहीं, जन प्रहरी संस्था के संयोजक नरोत्तम सिंह शर्मा ने आरोप लगाया कि सिकंदरा योजना के सेक्टर-1 से सेक्टर-16 तक कई आवासीय भूखंडों में व्यावसायिक निर्माण और मार्केट्स चल रही हैं, जिस पर आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों की मिलीभगत का संदेह है।
