नई दिल्ली: साउथ वेस्ट दिल्ली के वसंतकुंज नॉर्थ थाने में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ कई छात्राओं से यौन शोषण और धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी अब तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। शिकायत 4 अगस्त 2025 को श्री शृंगेरी मठ और उसकी संपत्तियों के एडमिनिस्ट्रेटर पी.ए. मुरली ने दर्ज कराई थी। आरोप है कि स्वामी चैतन्यानंद ने शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट (SRISIIM) की EWS स्कॉलरशिप पर पढ़ रही छात्राओं के साथ अश्लील संदेश, गंदी भाषा और शारीरिक छेड़छाड़ की। 32 छात्राओं में से 17 ने सीधे आरोप लगाए। कुछ फैकल्टी और एडमिन कर्मचारियों पर भी दबाव डालने का आरोप है।
जांच के दौरान इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से एक वोल्वो कार बरामद हुई, जिस पर फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और इस मामले में FIR नं. 385/2025 दर्ज की गई है। शृंगेरी पीठ ने आरोपी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उनका कहना है कि स्वामी चैतन्यानंद के आचरण अवैध और अनुचित थे, और उनसे पीठ के सभी संबंध समाप्त कर दिए गए हैं। पीठ ने संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत भी दर्ज कराई है। संस्थान ने आश्वासन दिया है कि छात्रों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और पढ़ाई या कार्यक्रमों में कोई बाधा नहीं आएगी।
