उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी में मामूली कहासुनी ने जानलेवा रूप ले लिया। बुधवार सुबह गांव का युवक राजवीर एक मिठाई की दुकान पर मुफ्त में जलेबी मांगने पहुंचा। पैसे मांगने पर विवाद हो गया और उसने दुकानदार सचिन से मारपीट कर दी। विवाद के बीच-बचाव के लिए पहुंचे सचिन के चाचा संजय कश्यप (45) को बाद में राजवीर अपने साथियों संग दुकान पर लौटा और बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल संजय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि विवाद की असली वजह की जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया संजय के शरीर पर चोट के गहरे निशान नहीं मिले हैं। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
