गुजरात की राजधानी गांधीनगर के देहगाम तालुका के बहियाल गांव में बीती रात दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई। विवाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। उपद्रवियों ने पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। भीड़ ने 8 से ज्यादा वाहनों को क्षतिग्रस्त किया और एक दुकान में आगजनी की। पुलिस पर भी हमला हुआ, जिसमें उनके 2 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल, इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
