कुछ महीने पहले एकता कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे राम कपूर के वेट लॉस से जोड़कर देखा गया। दरअसल यह पोस्ट राम कपूर के वजन घटाने की चर्चा के कुछ ही दिनों बाद सामने आया था। अब इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 में एकता ने इस मुद्दे पर फिर से अपना पक्ष रखा है। एकता ने साफ कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राम कपूर पर कोई टिप्पणी नहीं कर रही थीं। उनके मुताबिक, मीडिया और सोशल मीडिया ने वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया, जिसकी वजह से इसे राम कपूर और उनकी पत्नी गौतमी ने भी व्यक्तिगत रूप से ले लिया।
उन्होंने बताया कि यह वीडियो उस समय बनाया गया था जब उनकी टीवी सीरीज ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ का प्रोमो लॉन्च होना था। उस प्रोमो में एक किरदार आत्म-संदेह और बॉडी शेमिंग से जूझ रही थी। उसी संदर्भ में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में अपना वीडियो बनाया था, जिसमें वह कहती दिखीं—“मेरा वजन बढ़ गया है, क्या मुझे ओज़ेम्पिक जैसी दवाइयां लेनी चाहिए? खास डाइट फॉलो करनी चाहिए? या छोड़ देना चाहिए? हम बड़े ही अच्छे लगते हैं।” एकता ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं था, बल्कि समाज में फैली बॉडी शेमिंग और आत्म-संदेह की मानसिकता पर ध्यान दिलाना था।
