आगरा: ताजमहल घूमने आए एक पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पश्चिम एग्जिट गेट पर पर्यटक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुरातत्व विभाग के कर्मचारी और ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तुरंत पर्यटक को संभाला और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पर्यटक का इलाज इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से परिवार संग ताजमहल देखने पहुंचे अनिल कुमार मीणा पुत्र सूरज प्रसाद पश्चिम गेट के पास अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के निर्देशन में मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक शिवराज सिंह और पुलिस कर्मियों ने पर्यटक को सहारा देकर बाहर लाया।
इसके बाद ताजमहल पश्चिमी पार्किंग पर्यटक सुविधा केंद्र से एम्बुलेंस चालक भूर सिंह को बुलाया गया। डॉक्टर रिंकू बघेल ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। पर्यटक के रिश्तेदार सरदार सिंह मीणा ने पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम की तत्परता के लिए आभार जताया। इस दौरान पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी विजय प्रताप यादव, आरक्षी शाहरुख खान और महिला आरक्षी प्रीति मौजूद रहीं।
