तेलंगाना, महाराष्ट्र, केरल और अन्य दक्षिणी राज्यों में लगातार भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। कई बांधों के गेट खोले गए हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो रहा है। उत्तर भारत में मानसून की वापसी के चलते दिल्ली और आसपास के राज्यों में तेज गर्मी पड़ रही है, लेकिन अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से तापमान में कमी आ सकती है।
तेलंगाना में उस्मान सागर और हिमायत सागर जलाशयों से 10,439 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद मूसी नदी के किनारे कई घर जलमग्न हो गए। मूसानगर, रसूलपुरा, कमल नगर और विनायक वीधी में 200 घर प्रभावित हुए। लगभग 600 लोगों को अस्थायी पुनर्वास केंद्रों में स्थानांतरित किया गया। एमजीबीएस बस स्टैंड और मूसारामबाग पुल पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और केरल में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। महाराष्ट्र और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट, आंध्र प्रदेश और केरल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में 20 सेमी से अधिक बारिश होने का अनुमान है।
