अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के खैरेश्वर चौराहे पर हुई अभिषेक गुप्ता हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडे पर हत्या कराने का आरोप है। पुलिस ने शूटर मोहम्मद फजल को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 7,200 रुपये, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, अभिषेक गुप्ता और पूजा शकुन पांडे के बीच पहले नजदीकियां थीं, लेकिन बाद में विवाद हो गया। अभिषेक ने उनसे दूरी बनाई और पार्टनरशिप भी नहीं की। इसी रंजिश में पूजा शकुन पांडे ने 3 लाख रुपये की सुपारी देकर उनकी हत्या कराई।
फजल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि जब अभिषेक बस में चढ़ रहा था, तभी उसके साथी आसिफ ने गोली चलाई। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडे पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस पूजा शकुन पांडे और फरार शूटर आसिफ की तलाश में दबिश दे रही है। घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जब अभिषेक अपने पिता और चचेरे भाई के साथ सिकंदराऊ जाने के लिए बस में सवार थे। दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग की, जिससे अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। तक के परिवार ने पूजा शकुन पांडे और अशोक पांडे पर लंबे समय से ब्लैकमेल और पैसों के विवाद का आरोप भी लगाया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
