अमेरिकी टेक उद्यमी लुसी गुओ अब उस खास लिस्ट में शामिल हो गई हैं, जिसमें बिल गेट्स और मार्क जुकरबर्ग जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं। जी हां, लुसी भी इन दोनों की तरह कॉलेज ड्रॉपआउट होकर अरबपति बन गई हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, 30 साल की लुसी गुओ की मौजूदा नेट वर्थ करीब 1.25 बिलियन डॉलर (125 करोड़ डॉलर) है। वहीं सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनकी नेट वर्थ में यह जबरदस्त बढ़ोतरी तब हुई जब उनकी पहली कंपनी Scale AI को मेटा ने अधिग्रहित किया। इस डील में कंपनी की वैल्यू 29 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। लुसी वर्तमान में Passes नामक कंटेंट क्रिएटर मोनेटाइजेशन प्लेटफॉर्म की संस्थापक (Founder) हैं, जिसे उन्होंने 2022 में लॉन्च किया था। उन्होंने कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस और ह्यूमन-कंप्यूटर इंटरैक्शन की पढ़ाई की थी, लेकिन ग्रेजुएशन से सिर्फ एक साल और आठ क्लास पहले ही उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी।
सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में लुसी ने बताया —
“मेरे माता-पिता ने अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए चीन से अमेरिका आने के लिए सब कुछ त्याग दिया था। मेरी पढ़ाई छोड़ने का फैसला उनके लिए बहुत बड़ा झटका था। उन्हें लगा कि मैं उनसे प्यार नहीं करती, लेकिन दरअसल मैं खुद पर दांव लगा रही थी और अपने बेहतर भविष्य के लिए कदम उठा रही थी।” पढ़ाई छोड़ने के बाद लुसी ने थील फेलोशिप (Thiel Fellowship) में एडमिशन लिया। यह PayPal के को-फाउंडर पीटर थील का एक प्रोग्राम है, जो युवा उद्यमियों को 2,00,000 डॉलर का फंड देकर इनोवेटिव स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित करता है।
