नई दिल्ली/भोपाल: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है कि क्या मध्य प्रदेश में 20 बच्चों की मौतों से जुड़ा कोल्ड्रिफ कफ सिरप अन्य देशों में निर्यात किया गया। WHO ने कहा कि भारतीय अधिकारियों से आधिकारिक पुष्टि मिलने के बाद वह वैश्विक स्तर पर चिकित्सा उत्पाद अलर्ट जारी करने की आवश्यकता का आकलन करेगा।
मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि दूषित कफ सिरप के सेवन से बच्चों की किडनी में संक्रमण के कारण अब तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी है और 5 अन्य गंभीर हालत में भर्ती हैं। मौतों की जांच के लिए सात सदस्यीय SIT का गठन किया गया है।
SIT ने चेन्नई के पास दवा निर्माता कंपनी के कारखाने में जाँच की। चेन्नई स्थित यह कंपनी पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों में कोल्ड्रिफ कफ सिरप की आपूर्ति करती रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा कि कांचीपुरम स्थित विनिर्माण संयंत्र से लिए गए सैंपल मिलावटी पाए गए हैं और कंपनी को तुरंत उत्पादन बंद करने का निर्देश दिया गया है। तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने पहले ही दूषित कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है।
