भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस ने जहरीली दवा Coldrif कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने उसे चेन्नई से पकड़ा। इस मामले में रंगनाथन की लंबे समय से तलाश थी और उसकी गिरफ्तारी पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया गया था। छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने फरार आरोपियों की सूचना देने वालों के नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया था।
SIT ने चेन्नई स्थित कंपनी के रजिस्टर्ड ऑफिस और कांचीपुरम फैक्ट्री में छापेमारी की थी। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने प्लांट को सील करते हुए कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी। मध्य प्रदेश में इस जहरीले कफ सिरप के सेवन से कई बच्चों की किडनी फेल हो गई थी। इलाज के दौरान अब तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके बाद केरल, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों ने भी Coldrif सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। जांच में खुलासा हुआ कि Coldrif कफ सिरप में 46.2% डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) पाया गया था। यह एक जहरीला केमिकल है जिसका उपयोग आमतौर पर इंडस्ट्रियल कार्यों में किया जाता है और इसका सेवन किडनी फेल होने का प्रमुख कारण बनता है।
