मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य में कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वदेशी दिवाली को बढ़ावा देने और सभी खरीदारी स्वदेशी उत्पादों से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले व प्रशासन को त्योहारों के मौसम में सक्रिय रहने और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पुलिस व खुफिया एजेंसियों को हाई अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव और काशी की देव दीपावली राष्ट्रीय प्रतीक बन गए हैं, इसलिए यातायात, सुरक्षा और प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मूर्ति विसर्जन नदियों में न होकर तालाबों में किया जाए। पटाखों की बिक्री और भंडारण आबादी से दूर, लाइसेंस और एनओसी के साथ हो, और पर्यावरण हानिकारक पटाखों पर प्रतिबंध रहे। उन्होंने खाद्य सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया। 10 अक्टूबर से हर जिले में स्वदेशी मेले आयोजित होंगे, और शहरों में सफाई, निर्बाध बिजली और सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
