मोरक्को के राजा मोहम्मद VI शुक्रवार को संसद के उद्घाटन में अहम भाषण देने जा रहे हैं। यह भाषण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि देश के कई शहरों में ‘Gen Z 212’ आंदोलन के तहत नौजवान सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वे स्कूलों और अस्पतालों के लिए ज्यादा फंड की मांग कर रहे हैं और 2030 FIFA वर्ल्ड कप की तैयारियों पर अरबों खर्च का विरोध कर रहे हैं। नौजवानों ने किंग को पत्र लिखा है, जिसमें प्रधानमंत्री अजीज अखनाउच की सरकार को हटाने, राजनीतिक कैदियों की रिहाई और भ्रष्ट नेताओं को सजा देने की मांग की गई है। हालांकि मोरक्को में राजा की आलोचना गैरकानूनी है, आंदोलनकारियों ने उन्हें देश की सबसे बड़ी ताकत बताया।
विशेषज्ञ अब्देसलम मघरौई के अनुसार, नौजवान ‘किंग जिंदाबाद’ कहते हुए भी जानते हैं कि असली शक्ति राजा के हाथ में है। पिछले अरब स्प्रिंग के बाद यह मोरक्को का सबसे बड़ा युवा आंदोलन माना जा रहा है। जनता उम्मीद कर रही है कि राजा का भाषण उनके लिए सकारात्मक संकेत देगा।
