सीकर (राजस्थान): शहर के अनिरुद्ध रेजिडेंसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, किरण नाम की महिला ने अपने दो बेटों और दो बेटियों के साथ जहर खाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि किरण का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह बच्चों के साथ अलग रह रही थी।
जब फ्लैट से दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य भयावह था — पांचों शव सड़े हुए हालत में मिले। पुलिस को कमरे से जहर के 10 पैकेट मिले, जिनमें से 8 पैकेट इस्तेमाल किए जा चुके थे। दुर्गंध के कारण पुलिस को अंदर प्रवेश करने से पहले अगरबत्ती और इत्र का छिड़काव करना पड़ा। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
